कुसुमकियारी में रुद्र चंडी महायज्ञ का भव्य समापन, मूर्तियों की हुई प्राण प्रतिष्ठा
चंदनकियारी प्रखंड के कुसुमकियारी में आयोजित श्री श्री रुद्र चंडी महायज्ञ सह मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा का शनिवार को भव्य समापन हुआ। इस पावन अवसर पर यज्ञ की पूर्णाहुति एवं नवनिर्मित मंदिर के मूर्तियों में प्राण प्रतिष्ठा विधि वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न की गई। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। विशेष रूप से बनारस और अयोध्या से पधारे यज्ञाचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच धार्मिक अनुष्ठान को पूर्ण कराया। पूरे आयोजन के दौरान भगवान ब्रह्मा, दत्तात्रेय, दुर्गा माता, शनि देव महाराज, राम सीता सहित विभिन्न देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना, हवन पूजन और अनुष्ठान श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ किए गए।यज्ञ समारोह में दूर दराज से आए श्रद्धालुओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और भगवान से सुख शांति एवं समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें प्रतिदिन हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं आरती सारस्वत के मुखारविंद से प्रतिदिन कथा वाचन भी कराया गया तथा रात को रासलीला का आयोजन किया गया। जिससे श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। पूरे क्षेत्र में आयोजन को लेकर उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0